Danielle Wyatt Kisses Female Partner And Shares Ring Earlier Sarah Taylor Proposed Virat Kohli For Marriage | इंग्लैंड की एक और क्रिकेटर ने महिला पार्टनर चुनी, कोहली को कर चुकी थीं शादी के लिए प्रपोज
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सारा टेलर ने हाल ही में अपनी महिला पार्टनर के साथ फोटो शेयर कर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने इतना ही नहीं अपनी पार्टनर के साथ मां बनने की भी जानकारी शेयर की थी। उसके कुछ ही दिन बाद गुरुवार 2 मार्च 2023 की रात एक और इंग्लिश क्रिकेटर ने कुछ ऐसा ही फैसला लिया है। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की स्टार डेनियल वायट ने अब महिला पार्टनर को चुना है और उनके साथ सगाई भी कर ली है। वायट ने गुरुवार रात अपने ट्विटर हैंडल पर अपनी पार्टनर को किस करते हुए एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह अंगूठी पहने हुए अपनी उंगली को दिखा रही थीं।
डेनियल वायट की पार्टनर की बात करें तो वह भी एक स्पोर्ट्स वुमेन हैं। उनका नाम जॉर्जिया हॉज है जो लंदन में CAA Base नामक महिला फुटबॉल टीम की हेड हैं। वायट ने अपनी फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है कि, हमेशा के लिए मेरी हो गई। वहीं इस ट्वीट को जॉर्जिया ने अपने हैंडल से रिट्वीट भी किया है। दोनों की इस फोटो पर कई लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं तो कई यूजर्स डेनियल वायट और विराट कोहली से जुड़ा पुराना वाकया भी उठा रहे हैं। उसके मुताबिक 2014 में वायट ने विराट को शादी के लिए प्रपोज किया था। हालांकि, विराट ने उसे मना कर दिया था। 2017 में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से शादी कर ली थी।
क्या था पूरा मामला?
विराट कोहली ने एक बार पर प्रसारित होने वाले कॉमेडी रियलिटी शो में कपिल शर्मा से बताया था कि, जब वह बांग्लादेश में टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे थे, तो सेमीफाइनल मुकाबले के बाद उन्हें शादी का प्रपोजल आया था। विराट ने बताया था कि, वो प्रपोजल था इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की तत्कालीन कप्तान डेनियल वायट का जिन्होंने ट्वीट कर उन्हें शादी के लिए प्रपोज़ किया था। हालांकि, उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया था और वह अपने खेल को लेकर ज्यादा फोकस थे। उसके बाद कहीं विराट की मां ने बोला था कि अभी उनके बेटे की शादी की उम्र नहीं है। पर उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। यह वाकया साल 2014 का है।
सारा टेलर, विराट कोहली, डेनियल वायट और केट क्रॉस (Left to right)
साल 2019 में इसके बाद इंग्लैंड की ही क्रिकेटर केट क्रॉस ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जिसमें विराट कोहली, सारा टेलर, डेनियल वायट और क्रॉस के साथ गले में हाथ डालकर मौजूद थे। इस फोटो में लिखा था कि पांच साल पहले की तस्वीर यानी 2014 की थी यह। फिर जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा शादी के बंधन में बंध गए उस वक्त डेनियल ने ट्विटर पर दोनों को बधाई भी दी थी। कुछ दिनों बाद एक इंटरव्यू में इंग्लिश क्रिकेटर ने यह भी बताया था कि, जब हम मिले तो विराट ने मुझसे कहा था कि आप ट्विटर पर ऐसा कुछ भी नहीं लिख सकती हैं। वहां इन सभी चीजों को बड़ी गंभीरता से लिया जाता है। वह शायद उसी बात का जिक्र कर रहीं थीं जब उन्होंने शादी के लिए विराट को प्रपोज किया था।
विराट कोहली और डेनियल वायट की पुरानी तस्वीर
अब अगर डेनियल वायट के करियर की बात करें तो वह हाल ही में संपन्न हुए महिला टी20 वर्ल्ड कप में भी इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने 2010 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था। वह अभी तक 102 वनडे और 143 टी20 इंटरनेशल मुकाबले खेल चुकी हैं। उनके नाम 1776 वनडे रन दर्ज हैं जिसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 2369 टी20 इंटरनेशनल रन बनाए हैं 2 शतक और 11 अर्धशतक उनके नाम दर्ज हैं। हालांकि, टी20 में इतना शानदार रिकॉर्ड होने के बावजूद उन्हें महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण के लिए उनके नाम पर किसी भी टीम ने ऑक्शन में बोली नहीं लगाई थी। उन्होंने ट्वीट करके इस पर दुख भी जताया था।